आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निराश्रित और बेसहारा गौवंशों को लेकर अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि कोई भी गौवंश सड़क पर नहीं दिखना चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम ने बंद पड़ी 100 गौवंश क्षमता वाली गौशालाओं को अगस्त माह के अंत तक दोबारा संचालित करने के निर्देश दिए। इसके लिए संपर्क मार्ग, बिजली, अतिरिक्त शेड और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द पूरी करने को कहा गया।मुख्यमंत्री निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के तहत लाभार्थियों को हर महीने की 5 तारीख तक डीबीटी के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए सत्यापन और रिपोर्ट भेजने की पूरी समय-सीमा तय कर अधिकारियों को सख्ती से पालन करने को कहा गया।बैठक में सभी ब्लॉकों के लिए कैटल कैचर की खरीद जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंशों को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाया जा सके।डीएम ने सभी एसडीएम को गौशालाओं से जुड़ी भूमि का सत्यापन कर हरे चारे की बुवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन गौशालाओं में यदि घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।जिलाधिकारी ने गौशालाओं के नियमित निरीक्षण में लापरवाही और समय पर रिपोर्ट न भेजने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी आजाद भगत सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





