इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट, नई दिल्ली के तत्वावधान में 23 देशों के 65 सदस्यीय विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने आगरा का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में पेरू, ब्राज़ील, श्रीलंका, भूटान, केन्या, थाईलैंड, फिलीपींस, नामीबिया, कजाकिस्तान सहित कई देशों के चुनाव प्रबंधन से जुड़े अधिकारी शामिल थे।प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल और आगरा किले का भ्रमण करने के बाद तहसील सदर स्थित मतदाता पंजीकरण एवं ईपीआईसी केंद्र, ईवीएम वेयरहाउस और चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।तहसील सदर सभागार में आयोजित प्रस्तुतीकरण के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने भारतीय निर्वाचन प्रक्रिया की पूरी कार्यप्रणाली से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भारत का चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और पूरे देश में चुनाव एक समान नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराए जाते हैं।जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, ईपीआईसी कार्ड, ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटल मतदाता सूची, दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं तथा तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीक का उपयोग चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाने के लिए किया जाता है।प्रतिनिधिमंडल ने मतदान प्रक्रिया, ईवीएम, मतदाता सूची के सतत अद्यतन, प्रवासी भारतीय मतदाताओं की व्यवस्था, परिसीमन और चुनाव संचालन से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका जिलाधिकारी ने विस्तार से जवाब दिया।विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय निर्वाचन प्रणाली की पारदर्शिता, समावेशी दृष्टिकोण, तकनीकी दक्षता और मजबूत संस्थागत व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे दुनिया की सबसे व्यापक और प्रभावी लोकतांत्रिक चुनाव प्रणालियों में से एक बताया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, एसडीएम सदर सचिन राजपूत, एसीएम नवोदिता शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





