आगरा के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा एवं संवाद बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के मंडलीय और जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की।कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के लिए बीज और उर्वरकों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध रहे और बीजों की आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा न आने पाए। साथ ही कृषि विभाग के अधिकारी किसानों से लगातार संवाद बनाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं।मंत्री ने अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसानों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को मौसम के अनुसार फसल बुआई और कृषि प्रबंधन की सही जानकारी दी जाए, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।बैठक में प्राकृतिक खेती, श्री अन्न (मिलेट्स), फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित खेती को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।इस दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की प्रगति रिपोर्ट, उपलब्धियों और क्षेत्रीय चुनौतियों से कृषि मंत्री को अवगत कराया। बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, संयुक्त कृषि निदेशक विनोद यादव, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मनोज चतुर्वेदी सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





