फिरोजाबाद। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव में विभिन्न पदों के लिए कुल 39 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व डीजीसी शिवराज सिंह यादव ने बताया कि 19 अगस्त को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 9, महासचिव पद पर 9, सह सचिव पद पर 8, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 5, कोषाध्यक्ष पद पर 4 और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 4 प्रत्याशी मैदान में हैं।उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। 29 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मतगणना कराई जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।वहीं इस बार बार एसोसिएशन का चुनाव सिर्फ पदों की दावेदारी तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा है। अधिवक्ता हित से जुड़े मुद्दे चुनावी चर्चा के केंद्र में हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लगातार अधिवक्ताओं के बीच पहुंचकर अपने एजेंडे और प्राथमिकताएं बता रहे हैं।सबसे प्रमुख मुद्दों में दबरई क्षेत्र में अधिवक्ताओं के कार्यालयों तक सुगम रास्ता, बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था शामिल है। अधिवक्ताओं का कहना है कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान बेहद जरूरी है।इसके साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा भी चुनाव का बड़ा मुद्दा बनकर सामने आई है। प्रत्याशियों की ओर से मांग की जा रही है कि किसी अधिवक्ता के साथ अप्रिय घटना होने पर बार एसोसिएशन की ओर से प्रभावी कानूनी और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।मेडिकल सहायता को लेकर भी ठोस व्यवस्था की मांग उठ रही है। गंभीर बीमारी या आकस्मिक स्थिति में अधिवक्ताओं को आर्थिक मदद देने की व्यवस्था बनाने का मुद्दा प्रत्याशियों के एजेंडे में शामिल है।वहीं किसी अधिवक्ता के साथ दुर्घटना या गंभीर घटना होने की स्थिति में उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी जोर पकड़ रही है। इसके लिए बार एसोसिएशन की ओर से एक निश्चित और बड़ी सहायता राशि निर्धारित किए जाने का मुद्दा भी चुनावी चर्चा में है।अब अधिवक्ताओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि कौन प्रत्याशी सिर्फ चुनावी वादों तक सीमित रहता है और कौन इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना लेकर सामने आता है।कुल मिलाकर, 29 अगस्त को होने वाला फिरोजाबाद बार एसोसिएशन का चुनाव अब केवल पदों का चुनाव नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं की सुविधाओं, सुरक्षा, सम्मान और उनके परिवार के भविष्य से जुड़े मुद्दों का चुनाव बनता नजर आ रहा है।
संवाददाता: भुवनेश कुमार





