आगरा। एकलव्य स्टेडियम में खेल विभाग से प्राप्त धनराशि से कराए जा रहे विभिन्न अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार कार्य का 3 अगस्त 2026 को मुख्य विकास अधिकारी आगरा ने निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी आपूर्ति, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आगरा और कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद रहे।स्टेडियम में कुल 14 अवस्थापनाओं में से 11 पर कार्य चलता हुआ पाया गया। हालांकि, कार्य की प्रगति धीमी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था यू.पी. प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-4 आगरा को प्रत्येक कार्य की समय सीमा तय कर तत्काल चार्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान शूटिंग यार्ड में कार्य शुरू नहीं मिला, जिस पर तत्काल कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं टेबल टेनिस कोर्ट, शौचालय और जिम कोर्ट में कार्य चलता हुआ पाया गया।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चल रहे कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।इसके अलावा बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक और बैडमिंटन कोर्ट के कार्यों में खेल विशेषज्ञों की राय लेकर आधुनिक तकनीकी प्रावधानों को शामिल करने और निर्माण कार्य को बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए।





