आगरा। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, प्रवर्तन और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने जनपद में ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नीति को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही 50 से अधिक लंबित चालान वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने, वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करने और आवश्यकतानुसार पंजीयन व ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक में खराब सड़कों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान चिन्हित पांच खराब सड़कों पर 15 दिनों के भीतर सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।इसके अलावा ब्लैक स्पॉट का ऑडिट, अतिक्रमण हटाने और जाम की समस्या के नियमित समाधान, सड़क निर्माण एजेंसियों का नाम प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग और ओडीआर पर दुर्घटनाओं का मार्गवार विश्लेषण करने के निर्देश दिए गए।स्कूल वाहनों की जांच करते हुए परमिट और फिटनेस समाप्त हो चुके वाहनों का संचालन कराने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं 108 एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार पर भी जोर दिया गया।रायभा और फतेहाबाद टोल प्लाजा द्वारा ओवरलोड वाहनों की सूचना समय से उपलब्ध नहीं कराने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और दोनों टोल प्लाजा प्रबंधकों को अगली बैठक में आवश्यक आंकड़ों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, यूपीईआईडीए, एडीए, मेट्रो और शिक्षा विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





