आगरा में भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद आगरा द्वारा आरबीएस डिग्री कॉलेज के ऑडिटोरियम में एकदिवसीय प्रधानाचार्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीबीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड के 312 प्रधानाचार्यों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी विद्यालयों में भारत स्काउट एवं गाइड की यूनिट स्थापित कर उन्हें सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों से विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहनशीलता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।कार्यशाला में जिला मुख्य आयुक्त डॉ. अनिल कुमार वशिष्ठ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्काउट-गाइड की गतिविधियों, उद्देश्यों और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में इसकी भूमिका की जानकारी दी।कार्यक्रम में डायट प्राचार्य विजय प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रविन्द्र पाल तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक बालिका शिक्षा बी.पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह सहित कई अधिकारी, प्रधानाचार्य और स्काउट-गाइड पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड यूनिट को सक्रिय करने और विद्यार्थियों को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।






