आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-2 स्थित श्री रामलीला पार्क में आयोजित रामलीला महोत्सव में गुरुवार को रावण वध और भगवान श्रीराम के भव्य राज्याभिषेक का मंचन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी रामलीला देखने पहुंचे।मंचन के दौरान भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए भीषण युद्ध का शानदार दृश्य प्रस्तुत किया गया। दोनों के बीच चले युद्ध और अस्त्र-शस्त्रों के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर अधर्म, अहंकार और अन्याय का अंत किया। रावण के पुतले का दहन होते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान हुई भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही।इसके बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और उनके भव्य राजतिलक का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक का मनोहारी दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे रामलीला परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन ने लोगों को सत्य की असत्य पर विजय, धर्म की स्थापना और मर्यादित जीवन का संदेश दिया।
संवाददाता: राम माहौर






