आगरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की कल्पनाओं के माध्यम से भविष्य के भारत की तस्वीर सामने लाना और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को परिवारों तक पहुंचाना रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, सेव वॉटर, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और विकसित भारत जैसे विभिन्न विषयों पर चित्र बनाए। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से समाज और देश के प्रति अपने विचारों एवं सपनों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके चित्रों में स्वच्छ, शिक्षित, पर्यावरण के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना देखने को मिली। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खंदौली, उच्च प्राथमिक विद्यालय बाईपुर, पीएम कंपोजिट स्कूल कलवारी, आरबीएम स्कूल सहित विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार, विकसित भारत @2047 के संकल्प के साथ आयोजित यह चित्रकला प्रतियोगिता बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ जनसहभागिता और सेवा भावना को मजबूत करने का प्रेरक प्रयास रही।






