आगरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सेंट विंसेंट कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोतीलाल नेहरू रोड सहित जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों एवं राजकीय इंटर कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और विकसित भारत सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। छात्र-छात्राओं ने अपने भाषणों के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को सामने रखा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में भाषण के साथ-साथ रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से देश के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत की कल्पना को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प के साथ आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की जनसहभागिता और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने वाला रहा।






