यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने अपने गौरवशाली सफर के 9 वर्ष पूरे कर लिए हैं।इस खास मौके पर आयोजित कार्यक्रम में आगरा मेट्रो के कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समर्पण के लिए एमडी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।आगरा मेट्रो परियोजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए सेक्शन इंजीनियर सिविल अमित सैनी को एमडी गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज से आरबीएस कॉलेज तक के भूमिगत सेक्शन में चुनौतीपूर्ण टनलिंग ऑपरेशन और स्टेशनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण में अहम भूमिका निभाई।वहीं सेक्शन इंजीनियर ईएंडएम महफूज अंसारी को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।सर्वश्रेष्ठ मेंटेनेंस स्टाफ की श्रेणी में सीनियर मेंटेनर रिजबान खान को एमडी सिल्वर मेडल, जबकि सर्वश्रेष्ठ ऑपरेशन स्टाफ के लिए सीनियर स्टेशन कंट्रोलर सुमित कुमार को कांस्य पदक प्रदान किया गया।वहीं आगरा के ऐतिहासिक ताजमहल मेट्रो स्टेशन ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ‘बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन’ अवॉर्ड अपने नाम किया।कार्यक्रम में UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यूपी मेट्रो की नौ वर्षों की सफलता कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के कई प्रमुख मानकों में यूपी मेट्रो ने शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं और लखनऊ, कानपुर व आगरा में विश्वस्तरीय मेट्रो संचालन के लिए UPMRC लगातार प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में UPMRC के वरिष्ठ अधिकारी और अधिकारीगण मौजूद रहे।
। संवाददाता: राम माहौर





