आगरा में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, तृतीय, आगरा श्री विकास गोयल ने की। बैठक में समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटगण सहित संबंधित अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भाग लिया।बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिनका निस्तारण पक्षकारों की आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर लोक अदालत के माध्यम से किया जा सकता है।उन्होंने अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में संदर्भित करने तथा पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के जरिए मामलों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकता है।बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के पूर्णकालिक सचिव श्री पंकज कुमार-I ने राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोक अदालत त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है।उन्होंने न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक ऐसे मामलों को चिन्हित किया जाए, जिनका निस्तारण आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर संभव है, ताकि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों का प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जा सके।बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर बार के अधिवक्तागण सहित समस्त संबंधित न्यायिक मजिस्ट्रेटगण उपस्थित रहे।





