आगरा के फतेहाबाद टाउन क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 11 उपभोक्ता मीटर को बाईपास कर विद्युत चोरी करते हुए पाए गए।जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में जनपद में बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फतेहाबाद टाउन के हाई पोटेंशियल लॉस क्षेत्रों में सुबह के समय विद्युत विभाग की टीम ने कई परिसरों और मीटरों की जांच की।जांच के दौरान 11 उपभोक्ताओं के यहां मीटर को बाईपास कर बिजली चोरी किए जाने का मामला सामने आया। विभाग के मुताबिक, सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विद्युत चोरी निरोधक थाना, कमला नगर, आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने साफ किया है कि अवैध कटिया डालकर, मीटर से छेड़छाड़ या मीटर को बाईपास कर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बिजली चोरी पकड़े जाने पर कनेक्शन काटने के साथ-साथ बिजली अधिनियम-2003 के तहत एफआईआर और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का इस्तेमाल केवल वैध कनेक्शन के जरिए और नियमानुसार करें। साथ ही बिजली चोरी की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने और उन्हें प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान किया गया है।चेकिंग अभियान में उपखंड अधिकारी गौरव राजपूत, अवर अभियंता दीपक कुमार, अवर अभियंता रमेश बाबू सहित विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।विद्युत विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है—बिजली चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





