आगरा के श्रीराम हनुमान मंदिर में रविवार को श्रीरामलीला कमेटी की वार्षिक पत्रिका ‘रामांजली’ का विमोचन किया गया। कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने पत्रिका का विमोचन किया।कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार रामलीला महोत्सव में परंपरा और आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा। वृंदावन की मंडली द्वारा पारंपरिक रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसमें आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग होगा, ताकि नई पीढ़ी को रामलीला से जोड़ा जा सके।इस वर्ष भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव और माता जानकी का जन्मोत्सव भी विशेष अंदाज में मनाया जाएगा। वहीं विजयदशमी पर गगनचुंबी और सतरंगी आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी।25 सितंबर को मुकुट पूजन के साथ रामलीला महोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी।वार्षिक पत्रिका ‘रामांजली’ में 25 सितंबर से होने वाले दैनिक कार्यक्रमों की पूरी जानकारी प्रकाशित की गई है।आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष का रामलीला महोत्सव श्रद्धा, परंपरा, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम के साथ दर्शकों के लिए यादगार बनाने की तैयारी है।





