आगरा, 17 अगस्त 2026। जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के माननीय गवर्नर के नेतृत्व में 240 सदस्यीय उच्चस्तरीय जापानी सीईओ प्रतिनिधिमंडल 18 से 23 अगस्त 2026 तक भारत दौरे पर रहेगा। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल 20 अगस्त को आगरा पहुंचेगा आगरा दौरे के दौरान जापानी प्रतिनिधिमंडल ताजमहल का भ्रमण करेगा। इसके बाद जेपी पैलेस में निवेशकों के साथ राउंड टेबल मीटिंग प्रस्तावित है। बैठक के माध्यम से उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने तथा प्रदेश और आगरा में निवेश की नई संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल लखनऊ के लिए रवाना होगा। 240 सदस्यीय इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के आगरा दौरे को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, गाइड, गोल्फ कार्ट सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच समुचित समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि जापानी प्रतिनिधिमंडल का आगरा दौरा उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारत-जापान, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, आगरा और यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरे से जापानी निवेश, औद्योगिक सहयोग, तकनीकी हस्तांतरण, कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण और सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल का 19 अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में एक विशाल कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद 20 अगस्त को आगरा भ्रमण और 21 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उच्चस्तरीय जापान-उत्तर प्रदेश बिजनेस प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी, जापानी प्रतिनिधिमंडल तथा प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। इसके अलावा जापानी प्रतिनिधिमंडल गौतम बुद्ध नगर/ग्रेटर नोएडा, आगरा और वाराणसी में भी विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेगा। जापानी प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश में तकनीकी विकास, कौशल निर्माण और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





