आगरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में विभिन्न विभागों और डब्ल्यूएचओ की मॉनिटरिंग रिपोर्ट में सामने आई कमियों पर नाराजगी जताई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान चलाने, जनपद और ब्लॉक स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा करने तथा सभी प्रगति रिपोर्ट व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने के निर्देश दिए।इसके अलावा जिला पंचायती राज अधिकारी को सभी गांवों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, जलभराव खत्म करने, एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव और नियमित फॉगिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।वहीं शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में छात्रों को मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों से बचाव की जानकारी देने, प्रशिक्षण आयोजित करने तथा स्कूल परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और कहीं भी पानी जमा न होने देने के निर्देश दिए गए।प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करने को कहा है।





