मण्डलायुक्त महोदय श्री नगेन्द्र प्रताप जी की अध्यक्षता में हुई मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर के कार्यों, राजस्व वादों तथा आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आगरा 21.05.2026. मण्डलायुक्त श्री नगेन्द्र प्रताप जी की अध्यक्षता में लघु सभागार में मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। वाणिज्य कर में चारों जिलों की प्रगति तय मासिक लक्ष्य से पीछे रही। स्टाम्प और रजिस्ट्रेशन में मैनपुरी ने मासिक लक्ष्य की प्राप्ति की जबकि अन्य जिले लक्ष्य से पीछे रहे। परिवहन और विद्युत मद में चारों जिलों ने मासिक लक्ष्य की प्राप्ति की। खनिज में चारों जिलों की प्रगति कम रही। विधिक माप में मथुरा को छोड़कर अन्य जिले लक्ष्य से पीछे रहे। आयुक्त महोदय ने उपरोक्त सभी मदों में लक्ष्य से पीछे रहे सभी जिलों को प्रगति में सुधार लाने एवं मासिक लक्ष्य की पूर्ण प्राप्ति के निर्देश दिए। वहीं विविध मद में मथुरा और मैनपुरी में भी वसूली प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। तत्पश्चात राजस्व वादों के निस्तारण की मण्डलीय समीक्षा की गयी। धारा 24 में फिरोजाबाद और आगरा में सबसे कम वादों का निस्तारण हुआ। समय सीमा के उपरान्त के सैकड़ों वाद लंबित हैं। धारा 34 में मथुरा और मैनपुरी, धारा 67 में आगरा और मथुरा तथा धारा 80 में फिरोजाबाद, मथुरा और आगरा में वाद निस्तारण की प्रगति कम रही। आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि उपरोक्त वादों के निस्तारण में तेजी लाई जाए। वाद निस्तारण में सबसे खराब टाॅप 5 तहसीलों की जिलेवार समीक्षा की गयी। महोदय द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने स्तर से बैठक कर खराब तहसीलों में वाद निस्तारण की प्रगति में सुधार लायें, तथा समय सीमा के उपरान्त के लंबित वादों का भी प्रमुखता से निस्तारण करवायें। *बैठक में आईजीआरएस प्रकरण की भी समीक्षा की गयी।* आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि विभागवार समीक्षा की जाए। सभी प्रकरणों में शिकायतकर्ताओं से शत प्रतिशत सम्पर्क किया जाए। जिन प्रकरणों में शिकायतकर्ता से सम्पर्क नहीं किया गया उनमें संबंधित के खिलाफ एक्शन लिया जाए। वहीं विभागवार असंतोषजनक फीडबैक मिलने की समीक्षा की गयी जिसमें सबसे ज्यादा अधीक्षण अभियंता सिंचाई विभाग, उपनिदेशक उद्यान, उपश्रमायुक्त, सहायक शिक्षा निदेशक और संयुक्त निबन्धक सहकारिता विभाग के असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुए। महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि असंतोषजनक फीडबैक के प्रकरणों की रिपोर्ट उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए, लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाए। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन श्री राजेश कुमार, आगरा जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल, मथुरा जिलाधिकारी श्री सी पी सिंह, फिरोजाबाद जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा और मैनपुरी जिलाधिकारी श्री डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त श्री संदीप कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त मथुरा श्री पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक फिरोजाबाद श्री अरविंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।




