फतेहाबाद:क्षेत्र के गांव नगरचंद में सोमवार को पेयजल सुविधा और जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने वाटर एटीएम का फीता काटकर शुभारंभ किया, साथ ही तालाब खुदाई कार्य का भी उद्घाटन किया।वाटर एटीएम के जरिए ग्रामीणों को सस्ती दर पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। 10 रुपये में 20 लीटर और 5 रुपये में 10 लीटर पानी मिलेगा, जबकि एटीएम कार्ड से 35 पैसे प्रति लीटर की दर से पानी प्राप्त किया जा सकेगा। यह एटीएम प्रतिदिन करीब 1000 लीटर पानी को आरओ के माध्यम से शुद्ध करने की क्षमता रखता है। मशीन से निकलने वाले अपशिष्ट जल का उपयोग कंपोजिट विद्यालय नगरचंद में शौचालय आदि कार्यों में किया जाएगा। एटीएम के रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम समिति को सौंपी गई है।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि, “ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। वाटर एटीएम से लोगों को कम कीमत पर शुद्ध पानी मिलेगा और जीवन स्तर में सुधार होगा। साथ ही तालाब का निर्माण जलभराव की समस्या को दूर करने में मददगार साबित होगा।”अंबुजा फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज डबराल ने बताया कि, “समग्र ग्राम विकास योजना के तहत फतेहाबाद ब्लॉक में इस वर्ष तीन तालाबों की खुदाई कराई जाएगी। नगरचंद का तालाब भी उसी योजना का हिस्सा है, जिसे आदर्श तालाब के रूप में विकसित किया जाएगा।”करीब 20 वर्षों से उपेक्षित पड़े इस तालाब की खुदाई न होने के कारण बरसात में गांव में जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती थी। अब इसके विकसित होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।इस अवसर पर प्रियंका, राजकुमार चौहान, छत्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
संवाददाता: कासिम मलिक




