आगरा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन रहा है। योजना के तहत युवाओं को आर्थिक सहायता, ऋण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं।योजना से लाभान्वित कला बैरॉन, बेलनगंज निवासी आकाश भंडारी ने बताया कि पहले उन्हें अपना रोजगार शुरू करने के लिए ऋण प्राप्त करने में कठिनाई हो रही थी। समाचार पत्र के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने जिला उद्योग केंद्र, आगरा से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन किया।पंजाब नेशनल बैंक, आगरा शाखा के माध्यम से उन्हें प्रिंटिंग प्रेस स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये का ऋण मिला। साथ ही योजना के तहत 50 हजार रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ। आज आकाश भंडारी अपनी इकाई का सफल संचालन कर रहे हैं। वे मेलों में अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करने के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों को भी उत्पाद बेच रहे हैं। उन्होंने अपने साथ दो लोगों को रोजगार भी दिया है।आकाश भंडारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और योजना से जुड़े अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।इसी तरह बंसल नगर, फतेहाबाद रोड निवासी देवेश वर्मा ने भी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का लाभ लेकर अपना रोजगार स्थापित किया। रोजगार शुरू करने के लिए ऋण की आवश्यकता होने पर उन्होंने जिला उद्योग केंद्र, आगरा से संपर्क किया और ऑनलाइन आवेदन किया।पंजाब नेशनल बैंक, ताजगंज शाखा के माध्यम से उन्हें रेस्टोरेंट व्यवसाय के लिए 5 लाख रुपये का ऋण मिला। इसके साथ ही उन्हें 50 हजार रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ। वर्तमान में देवेश वर्मा अपने रेस्टोरेंट का सफल संचालन कर रहे हैं और मेलों में अपने उत्पादों की बिक्री के माध्यम से आय अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने भी दो लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।देवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।इन दोनों युवाओं की सफलता यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ लेकर युवा न केवल अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं, बल्कि दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।जिला प्रशासन की ओर से जनपद के युवाओं से अपील की गई है कि वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का लाभ उठाएं, अपना उद्यम स्थापित करें, आत्मनिर्भर बनें और रोजगार सृजन में सहभागी बनें।






