आगरा में ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता और विधायक एवं श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में रामलीला मैदान, जनकपुरी, श्रीराम बारात और विभिन्न शोभायात्रा मार्गों पर सफाई, स्वास्थ्य, यातायात, विद्युत, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभागवार समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। जनकपुरी में एकीकृत कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां नगर निगम, स्वास्थ्य, जलकल, अग्निशमन, विद्युत, पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तैनात रहेंगे।रामलीला मैदान और जनकपुरी में सफाई एवं जल निकासी की विशेष व्यवस्था के साथ रोजाना एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। खराब हैंडपंपों की मरम्मत, पर्याप्त पेयजल, सड़कों और संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा गया है।शोभायात्रा मार्गों पर लटक रहे केबल और इंटरनेट के बेतरतीब तारों को व्यवस्थित करने, जर्जर भवनों और गिरासू छज्जों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस तैनात की जाएगी। प्रमुख कार्यक्रमों के दौरान एंबुलेंस की आवाजाही सुचारू रखने के लिए पुलिस के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था तैयार की जाएगी। वहीं, अग्निशमन विभाग को दमकल वाहनों के साथ छोटे अग्निशमन उपकरण भी मौके पर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।अब बात करें श्रीरामलीला महोत्सव के कार्यक्रमों की, तो 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और मुकुट पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा।26 सितंबर को श्रीमनःकामेश्वरनाथ महाराज की मुकुट सवारी, 28 सितंबर को श्रीगणेश जी की सवारी और 29 सितंबर को रावण की दुहाई का नगर भ्रमण होगा।30 सितंबर से रामलीला मैदान में मंचीय लीलाओं का शुभारंभ होगा।1 अक्टूबर को श्रीराम जन्मोत्सव, 2 अक्टूबर को सीता जन्मोत्सव, 3 अक्टूबर को ताड़का वध एवं पुष्प वाटिका, 4 अक्टूबर को धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद तथा 5 अक्टूबर को जनकपुरी से निमंत्रण लीला आयोजित होगी।वहीं 6 अक्टूबर को प्रभु श्रीराम की भव्य और ऐतिहासिक श्रीराम बारात निकाली जाएगी।श्रीरामलीला कमेटी के मुताबिक इस वर्ष श्रीराम बारात में 200 से अधिक झांकियां, अखाड़े और बैंड शामिल होंगे। झांकियों के जरिए धार्मिक प्रसंगों के साथ नेत्रदान, रक्तदान और अन्य सामाजिक सरोकारों के संदेश भी दिए जाएंगे।7 से 9 अक्टूबर तक सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड पर भव्य जनकपुरी सजाई जाएगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को रावण वध और विशाल पुतले का दहन होगा। विजयदशमी पर आतिशबाजी विशेष आकर्षण रहेगी और 24 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस बार भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र देव के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा और गोवर्धन महाराज की विशेष झांकी भी श्रीराम बारात का प्रमुख आकर्षण रहेगी।प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करेंगे।





