आगरा में नेशनल कॉन्क्लेव-2026 संपन्न, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शिक्षकों को दिया नवाचार का संदेश

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद परिसर के जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित दो दिवसीय उत्तरी क्षेत्रीय ‘नेशनल कॉन्क्लेव-2026’..

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद परिसर के जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित दो दिवसीय उत्तरी क्षेत्रीय ‘नेशनल कॉन्क्लेव-2026’ का 28 अक्टूबर को समापन हो गया। राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई), भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 27 और 28 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मेलन में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, मेंटरिंग व्यवस्था और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।समापन समारोह की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल कार्यक्रमों में सहभागिता तक सीमित न रहें, बल्कि आत्ममूल्यांकन के जरिए अपनी कार्यशैली में सुधार करें। उन्होंने नवाचारयुक्त शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर विद्यार्थियों को संस्कारवान, चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के योग्य बनाना है।मातृभाषा में शिक्षा से निखरेगी प्रतिभाराज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मातृभाषा में शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अन्य भाषाओं का ज्ञान देना आवश्यक है, लेकिन शुरुआती स्तर पर उन्हें अपनी मातृभाषा में समझने, बोलने और सोचने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। इससे उनकी बौद्धिक क्षमता का बेहतर विकास होगा।उन्होंने प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न स्थानों का भ्रमण कराने पर जोर दिया, ताकि वे प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से सीख सकें और उनकी समझ का दायरा व्यापक हो।‘पुष्टि’ और ‘मित्र’ से मजबूत होगा शिक्षक विकाससम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत शिक्षकों के व्यावसायिक सशक्तीकरण के लिए ‘पुष्टि’ (PUSHTI-NPST) और ‘मित्र’ (MITRA-NMM) पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हितधारकों की क्षमता विकसित करना रहा।एनसीटीई के अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था की व्यापकता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में लगभग 14.67 लाख स्कूल, 1.03 करोड़ शिक्षक और 25 करोड़ विद्यार्थी हैं। इतनी बड़ी शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों के व्यावसायिक मानकों को मजबूत करना और प्रभावी मेंटरिंग व्यवस्था विकसित करना जरूरी है।उन्होंने ‘पुष्टि’ के अंतर्गत राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षक मानकों (NPST) और ‘मित्र’ के अंतर्गत राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन (NMM) की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन पहलों से शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास, अनुभवों के आदान-प्रदान और बेहतर शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, स्थानीय भाषा, संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप इनके क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।सीखी गई बातों को विद्यार्थियों तक पहुंचाना जरूरी: प्रो. आशु रानीविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीखने, अनुभव साझा करने और प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारने का अवसर है। सम्मेलन में सीखी गई बातों को आत्मसात कर विद्यार्थियों तक पहुंचाना जरूरी है, तभी शिक्षा के क्षेत्र में वास्तविक बदलाव दिखाई देगा।उन्होंने कहा कि शिक्षकों को केवल दूसरों का मार्गदर्शन करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वयं भी सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए। किसी भी पहल की सफलता इस बात से तय होती है कि उससे प्राप्त ज्ञान और संसाधनों का लाभ वास्तविक हितधारकों एवं विद्यार्थियों तक कितना पहुंचता है। सक्षम शिक्षक ही समर्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।शिक्षा को संस्कारों से जोड़ना आवश्यक: योगेंद्र उपाध्यायउत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों की सहभागिता को ‘लघु भारत’ का स्वरूप बताया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श तभी सार्थक होगा, जब उसके निष्कर्ष विद्यालयों तक पहुंचेंगे और विद्यार्थियों को उनका लाभ मिलेगा।गुरु चाणक्य और चंद्रगुप्त का उदाहरण देते हुए उन्होंने भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है। शिक्षा विद्यार्थियों में विवेक, सही-गलत की समझ और आत्मनिर्भर बनने की क्षमता विकसित करने वाली होनी चाहिए।उन्होंने ‘पुष्टि’ और ‘मित्र’ जैसी पहलों को विकसित करने एवं लागू करने के लिए एनसीटीई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनका प्रभावी क्रियान्वयन ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक हो सकता है। कार्यक्रम में संस्कृत प्रमोशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. चांद किरण सलूजा ने भी अपने विचार रखे।डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप का दिया प्रशिक्षणसम्मेलन के दौरान ‘मित्र’ और ‘पुष्टि’ पहलों के क्रियान्वयन पर केंद्रित तकनीकी एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। इनमें प्रतिभागियों को दोनों पहलों के उद्देश्य, कार्ययोजना और क्रियान्वयन की रणनीति से अवगत कराया गया।एनसीटीई की टीम ने ‘मित्र’ हैंडबुक की जानकारी देने के साथ इसके डिजिटल पोर्टल का लाइव प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को मेंटरिंग प्रक्रिया और पोर्टल के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, ‘पुष्टि’ से संबंधित सत्रों में राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षक मानकों की अवधारणा, रूपरेखा और क्रियान्वयन प्रक्रिया पर चर्चा हुई। इस दौरान डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप का भी प्रदर्शन किया गया।प्रतिभागियों ने सत्रों में सवाल पूछे, सुझाव दिए और अपने अनुभव साझा किए। इससे शिक्षक विकास और मेंटरिंग व्यवस्था को जमीनी स्तर पर लागू करने की संभावनाओं एवं चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने लिया भागदो दिवसीय सम्मेलन में चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इनमें स्कूली शिक्षा विभागों, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET), केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और विभिन्न राज्य बोर्डों के प्रतिनिधि शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग के शिक्षक डॉ. प्रमोद कुमार और रिसर्च स्कॉलर मनीषा यादव ने किया। इस अवसर पर प्रो. मनु प्रताप सिंह, निदेशक आईईटी एवं विश्वविद्यालय समन्वयक, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, एनटीए के सलाहकार मुकुंद कुमार झा, प्रो. आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षाविद एवं अधिकारी मौजूद रहे।राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर का किया निरीक्षणदो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय में प्रवास पर रहीं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बुधवार को उन्होंने गोपालकुंज परिसर का दौरा किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Samachar Daily Live

Samachar Daily Live is a trusted Hindi news platform delivering the latest updates from India and around the world. We cover breaking news, politics, crime, local stories, and important national developments with speed and accuracy.

Our goal is to provide reliable and unbiased news so that our readers stay informed with genuine information. We are committed to digital journalism and real-time reporting to keep you updated with every important story.

Stay connected with Samachar Daily Live for fast, factual, and fearless news coverage.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports