आगरा 20 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा नगर विकास विभाग के तत्वावधान में तहसील फतेहाबाद क्षेत्र में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। गांधी चौक, बस स्टैंड, थाना डौकी सहित विभिन्न स्थानों पर कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने रोचक एवं प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विगत 11 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके साथ ही स्वच्छता के महत्व, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छ आगरा के निर्माण में आम नागरिकों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
कलाकारों ने लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और अपने घर, गली एवं मोहल्ले को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को उनके प्रति भी जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए स्वच्छ और सुंदर आगरा के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया— “आइए, स्वच्छता को आदत बनाकर स्वच्छ और सुंदर आगरा के निर्माण में सहभागी बनें।”





