फिरोजाबाद में विभिन्न मुकदमों से संबंधित माल के निस्तारण और विनष्टीकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दक्षिण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, फिरोजाबाद से अनुमति प्राप्त करने के बाद विभिन्न अभियोगों से संबंधित माल का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना दक्षिण पुलिस ने विगत वर्षों में दर्ज जुआ अधिनियम के 40 अभियोगों से संबंधित बरामद माल का निस्तारण कराया। इन मुकदमों में बरामद 16,785 रुपये की धनराशि को नियमानुसार राजकीय कोषागार में जमा कराया जाएगा।
इसके अलावा आबकारी अधिनियम के 62 अभियोगों से संबंधित करीब 244 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है, का भी नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। वहीं आयुध अधिनियम के 468 अभियोगों से संबंधित अवैध शस्त्रों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह, थाना दक्षिण प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र पाल सिंह, आबकारी निरीक्षक एमपी सिंह सहित पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार विभिन्न मुकदमों में बरामद माल के निस्तारण की कार्रवाई न्यायालय की अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई है। संवाददाता: भुवनेश कुमार






