आगरा। यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ जीआरपी आगरा कैंट पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषण आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं।पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशनों पर चोरी की घटनाओं की रोकथाम और उनके अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 सितंबर 2026 को जीआरपी आगरा कैंट पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गार्ड लॉबी के पास झांसी एंड की तरफ दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में पीली धातु के आभूषण बरामद हुए।बरामद सामान में चार चूड़ियां, एक मंगलसूत्र मय चेन, एक गले का हार मय पेंडल, दो बड़े कंगन, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी और एक चेन मय पेंडल शामिल हैं। पुलिस ने इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत कुमार गंगवार, निवासी पीलीभीत, उम्र करीब 30 वर्ष और आकाश पाल, निवासी गोमती नगर, लखनऊ, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है।जीआरपी के मुताबिक, इस कार्रवाई से थाना जीआरपी आगरा कैंट के मुकदमा संख्या 97/26 तथा थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन के मुकदमा संख्या 317/26 का सफल अनावरण हुआ है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पुनीत कुमार गंगवार के खिलाफ जीआरपी भोपाल, कानपुर, लखनऊ, बरेली, प्रयागराज और गाजियाबाद समेत विभिन्न स्थानों पर चोरी, बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी आकाश पाल के खिलाफ आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन जीआरपी में संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार, सर्विलांस प्रभारी दीपक कुमार मिश्रा समेत जीआरपी, आरपीएफ सीआईबी और टीओपीबी टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और यात्रियों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।





