आगरा में राष्ट्र विभीषिका दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री धर्मवीर प्रजापति ने यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा श्री राधा कृष्ण मंदिर, रामबाग से शुरू होकर ऐत्माद्दौला, थाना रोड और एमजी रोड होते हुए दीवानी चौराहा स्थित भारत माता की प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में हजारों देशभक्तों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस दौरान मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रध्वज के सम्मान की भावना जन-जन तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है और राष्ट्रध्वज तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मंत्री ने देशवासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेने तथा राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की एकता और राष्ट्रहित के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए। संवाददाता: अमन सिंह






