आगरा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर निगम परिसर से खंदारी कैंपस तक ‘एक यात्रा बलिदानियों के नाम’ तिरंगा रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों और आमजन ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
आगरा के नगर निगम परिसर से शुरू हुई ‘एक यात्रा बलिदानियों के नाम’ तिरंगा रैली को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और शहीदों के गांवों से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश तथा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया।
रैली में भारत स्काउट गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी और विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने बैंड की शानदार प्रस्तुति दी। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे लोगों के देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। रैली एमजी रोड और दीवानी होते हुए खंदारी कैंपस पहुंची, जहां इसका भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम स्थल नगर निगम परिसर में तिरंगा मेले का भी आयोजन किया गया। जनपद प्रभारी मंत्री ने गणमान्य अतिथियों के साथ फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में ओडीओपी, खादी ग्रामोद्योग और स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न विभागों की स्टॉल लगाई गईं।
इस मौके पर जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि धर्म, भाषा और प्रांत अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारी मातृभूमि एक है और पूरा देश तिरंगे के नीचे एकजुट है। उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के प्रति यही सच्ची श्रद्धांजलि है।
वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नगरायुक्त संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार, एडीए सचिव संजय सिंह, सहायक नगरायुक्त शिशिर कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संवाददाता: राम माहौर






