फिरोजाबाद में सावन के सोमवार पर सरस्वती शिशु मंदिर गौशाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भव्य कांवड़ यात्रा निकालकर भक्ति और भारतीय संस्कृति की अनूठी झलक प्रस्तुत की। कांवड़ यात्रा में यूकेजी और कक्षा प्रथम के बच्चे भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीकृष्ण, भगवान राम, हनुमान जी और माता सीता की आकर्षक स्वरूप में नजर आए। गांधी पार्क होते हुए निकली कांवड़ यात्रा विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। यहां नन्हे कांवड़ियों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सावन पर्व का महत्व जाना।बच्चों की मासूम भक्ति, भोलेनाथ के जयकारों और देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।कार्यक्रम में शामिल अजय जिंदल ने कहा कि छोटी उम्र में बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का यह अनूठा प्रयास है। वहीं समाजसेवी भाजपा नेता राधेश्याम यादव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कारों के साथ अपनी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना पैदा करते हैं।नन्हे कांवड़ियों की यह भव्य यात्रा शहर में आकर्षण का केंद्र रही और लोगों ने बच्चों की भक्ति एवं उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
। संवाददाता: भुवनेश कुमार





