आगरा में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर मध्य रेलवे संस्थान में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने तिरंगा फहराया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट्स एंड गाइड और सिविल डिफेंस की टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की। समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।अपने संबोधन में डीआरएम ने रेलकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे का संदेश भी पढ़कर सुनाया।रेलवे के वित्तीय प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया गया कि जुलाई 2026 तक पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में सकल मूल अर्जन में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यात्री अर्जन में 15 प्रतिशत से अधिक, मालभाड़ा अर्जन में 10.5 प्रतिशत और टिकट जांच से होने वाले अर्जन में 23.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, स्क्रैप बिक्री से रिकॉर्ड 179 करोड़ रुपये का अर्जन हुआ है।यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले समय में 4656 ट्रिप ट्रेन ऑन डिमांड चलाई गईं। 64 ट्रिप में अतिरिक्त कोच लगाए गए, जबकि मांग के अनुसार 18 नई ट्रेनों की शुरुआत और 6 ट्रेनों का विस्तार किया गया।रेल सुरक्षा को लेकर ‘संरक्षा सदा सर्वोपरि’ के संकल्प के तहत उत्तर मध्य रेलवे में 716 किलोमीटर रेल मार्ग पर कवच प्रणाली स्थापित की जा चुकी है। 303 रेल इंजनों में कवच उपकरण लगाए गए हैं और 90 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों को कवच संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।समारोह के दौरान सिविल डिफेंस टीम ने भूकंप और आग जैसी आपात परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का मॉक ड्रिल के जरिए प्रदर्शन किया। महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों ने तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। वहीं, स्काउट एंड गाइड द्वारा तैयार टेंट, ब्रिज और मचान भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम में सांस्कृतिक अकादमी की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।अंत में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने आरपीएफ परेड, सांस्कृतिक अकादमी, स्काउट एंड गाइड पायोनियर प्रोजेक्ट, स्काउट नृत्य सहित विभिन्न टीमों और विभागों को उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया।समारोह में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ईशानी गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, स्वतंत्रता दिवस समारोह समिति के अध्यक्ष शैलेश कुमार सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।








