आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज के इतिहास में आज एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया। कॉलेज में पहली बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा क्षमताओं को नई पहचान मिली है, बल्कि अंगदान अभियान को भी नई प्रेरणा मिली है।इस सफल किडनी ट्रांसप्लांट में सिकंदराराऊ, हाथरस निवासी श्रीमती मीना जी ने अपने पति श्री महेंद्र सिंह कुशवाहा जी को अपनी किडनी दान कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया।इस उपलब्धि पर माननीय केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी ने किडनी ट्रांसप्लांट करने वाली मेडिकल टीम को सम्मानित किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ को दुपट्टा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी ने कहा कि यह उपलब्धि एस.एन. मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी मेडिकल टीम की उत्कृष्ट चिकित्सा क्षमता, मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। साथ ही यह अंगदान के प्रति बढ़ती जनजागरूकता का भी सुखद परिणाम है।उन्होंने बताया कि 16 सितंबर 2023 को आगरा के जी.आई.सी. मैदान से अंगदान अभियान की शुरुआत की गई थी, जिसमें 8,003 लोगों ने अंगदान की शपथ लेकर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया था। एस.एन. मेडिकल कॉलेज में हुआ यह सफल किडनी ट्रांसप्लांट उसी संकल्प के सकारात्मक और प्रेरणादायी परिणाम के रूप में देखा जा रहा है।इस ऐतिहासिक सफलता के लिए किडनी ट्रांसप्लांट में शामिल सभी चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी मेडिकल टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।सम्मानित होने वाली मेडिकल टीम में डॉ. अपूर्व जैन, डॉ. मुदित खुराना, डॉ. कैरवी भारद्वाज, डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. अंकुश गुप्ता, डॉ. विजय त्यागी, डॉ. प्रदीप देव, डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. योगिता द्विवेदी, डॉ. अर्चना अग्रवाल, डॉ. राजीव पुरी, डॉ. अतिहर्ष मोहन और डॉ. प्रवेंद्र पांडे सहित अन्य चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ शामिल रहे।इस अवसर पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता जी ने केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी का हृदय से आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एसआईसी डॉ. ब्रजेश शर्मा जी, गौरव शर्मा जी, नवीन गौतम जी, रोहित कत्याल जी, डॉ. प्रीति भारद्वाज जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।एस.एन. मेडिकल कॉलेज की यह उपलब्धि आगरा और आसपास के क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सफल किडनी ट्रांसप्लांट से जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण जगी है और लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।अंगदान—महादान, किसी के जीवन में नई सुबह का वरदान।





