आगरा, 20 सितंबर 2026। MY Bharat एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने की। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को पढ़ाई, खेल, समाजसेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर समाजसेवी प्रवीण कनौजिया ने युवाओं से नशा मुक्ति अभियान से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। वहीं NSS कार्यक्रम अधिकारी आनंद कुमार ने समाज सेवा और जनजागरूकता के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति जागरूकता पोस्टर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन सहित सैकड़ों युवाओं ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
पोस्टर प्रतियोगिता में संचिता जैन, मानवी कुमारी और कोमल कश्यप विजेता रहीं। स्लोगन प्रतियोगिता में प्राची यादव, काजल भारद्वाज, आलिया, उन्नति और कनन चोपड़ा ने सफलता हासिल की। वहीं नुक्कड़ नाटक में उत्कर्ष, देशराज, स्वर्णा चौधरी, आर्यन, मोहित प्रकाश, रीना और राजेश्वरी ने प्रतिभाग किया।
नुक्कड़ नाटक और स्लोगन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज का संदेश दिया गया। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अंकित, अर्शिया, शिवम सारस्वत, कादिर, दीक्षा कुमार, रवि, अतुल, नितेश, पूनम और रोहित राठौर सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा। मंच संचालन कनक चौहान एवं झील गौतम ने किया। विशेष सहयोग कु. ललिता, डॉ. रविशंकर सिंह एवं NCC ANO डॉ. अमित अग्रवाल का रहा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।






