मण्डलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप जी की अध्यक्षता में मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न आगरा में आज शुक्रवार को लघु सभागार में मण्डलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप जी की अध्यक्षता में मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। सर्वप्रथम पशुपालन विभाग की समीक्षा में अवगत कराया गया कि जनपद आगरा में वृहद गौ संरक्षण केन्द्र विक्रमपुर, वृ0गौ0सं0के0 भिडावली, कान्हा गौशाला फतेहाबाद, कान्हा गौशाला किरावली/अछनेरा, कान्हा गौशाला शमसाबाद का निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है। आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि अंतिम तिथि निर्धारित करते हुए कार्य को ससमय पूर्ण कराया जाए। मण्डल में कुल गोचर लिंक उपलब्ध भूमि के सापेक्ष शेष रिक्त भूमि पर भी हरा चारा बोए जाना सुनिश्चित किया जाए। जनपद मथुरा के रूपनगर और मैनपुरी के इज्जतपुर खजरारा गो संरक्षण केन्द्र में लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष गौवंश के शिफ्टिंग की कार्यवाही प्राथमिकता पर करायी जाए।पंचायती राज विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गये कि आगरा, मथुरा और मैनपुरी में अवशेष अन्येष्टि स्थलों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। आगरा, मथुरा और मैनपुरी में अवशेष विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त किया जाए। जननी सुरक्षा योजना में आगरा में सबसे कम लाभार्थियों को भुगतान होने पर आयुक्त महोदय ने इसकी समीक्षा करने एवं भुगतान प्रतिशत की प्रगति बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। आगरा और मथुरा में गोल्डन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया में प्रगति लाई जाए। सरकारी भवनों पर रूफ टाॅप सोलर योजना में कोई प्रगति नहीं होने पर संबंधित विभाग से समन्वय करने तथा चारों जनपदों में जिलाधिकारी द्वारा समीक्षात्मक अध्ययन करने के निर्देश दिए। सीमए युवा उद्यमी एवं स्वरोजगार योजना में सभी जनपदों में मार्जिन मनी अवमुक्त करने के निर्देश दिए। रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना में चारों जनपदों में नोडल पुलिस अधिकारी स्तर पर लंबित तथा आगरा, मथुरा और मैनपुरी में डीएससी स्तर पर लंबित प्रकरणों का निस्तारण जल्द करायें। राशन दुकानों के विवरण की समीक्षा की गयी। रिक्त उचित दर की दुकानों के सापेक्ष नये चयन की कार्यवाही त्वरित की जाए। मण्डल में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों के कार्य जल्द पूर्ण कराये जाने हेेतु आयुक्त महोदय द्वारा निर्देशित किया गया। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त श्री उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी आगरा श्री मनीष कुमार बंसल, जिलाधिकारी फिरोजाबाद श्री संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी मैनपुरी श्री इंद्रमणि त्रिपाठी एवं जिलाधिकारी मथुरा श्री सी पी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आगरा श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी एवं समस्त मण्डलीय अधिकारी मौजूद रहे।





