आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रिहावली में आज एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के एक रिहायशी इलाके में बने छप्पर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।आग इतनी तेजी से फैली कि खूंटे से बंधे पशुओं को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। इस हादसे में 9 पशुओं की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से झुलस गए हैं।आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक 9 बेजुबान पशु दम तोड़ चुके थे।घटना में झुलसे अन्य पशुओं का पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा मौके पर इलाज किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।
संवाददाता: कासिम मलिक

जी



