आगरा, समग्र शिक्षा अभियान के तहत आगरा जनपद में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।इसके लिए एलिम्को, कानपुर के सहयोग से अलग-अलग विकासखंडों में मापन शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बच्चों की आवश्यकता का आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर पात्र बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि जगनेर में 27 अगस्त, पिनाहट में 29 अगस्त, बरौली अहीर में 31 अगस्त और बिचपुरी में 1 सितंबर 2026 को संबंधित बीआरसी पर मापन शिविर आयोजित किए जाएंगे।मापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित दिव्यांग बच्चों को नवंबर माह में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जगनेर में 2 नवंबर, पिनाहट में 3 नवंबर, बरौली अहीर में 4 नवंबर और बिचपुरी में 5 नवंबर 2026 को वितरण शिविर आयोजित होंगे।अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने दिव्यांग बच्चों को मापन शिविर में जरूर लेकर पहुंचें, ताकि उनकी जरूरत का सही आकलन कर उन्हें उपयोगी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।मापन शिविर में आने वाले बच्चों के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति, दिव्यांग प्रमाण पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, आय प्रमाण पत्र और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई है।





