आगरा। एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत में पॉक्सो अधिनियम, 2012 को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, लैंगिक अपराधों और पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के न्यायाधीश श्री पंकज कुमार ने कहा कि पॉक्सो एक्ट का प्रमुख उद्देश्य 18 वर्ष से कम उम्र के बालक-बालिकाओं को यौन शोषण और लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करना है। उन्होंने छात्रों को अधिनियम के प्रावधानों और अपराध की प्रकृति के अनुसार निर्धारित कानूनी कार्रवाई एवं सजा के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रितू वर्मा ने भी छात्रों से संवाद करते हुए पॉक्सो एक्ट से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों और बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की। उन्होंने बच्चों को अपने प्रति होने वाले लैंगिक अपराधों को पहचानने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय गर्ग ने भी अपने विचार रखे। वहीं कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. निखिल जैन ने अतिथियों का स्वागत किया।विशेष वक्ता श्री गणतंत्र जैन ओजस्वी, स्काउट प्रभारी, श्री वाई.पी. सिंह, एनएसएस प्रभारी तथा सपोर्ट पर्सन श्री मुनेन्द्र कुशवाह ने छात्रों को गुड टच-बैड टच, बाल यौन शोषण, साइबर अपराध तथा पॉक्सो एक्ट के विधिक प्रावधानों और उनके परिणामों के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम का संचालन श्री रीनेश मित्तल एवं श्री गणतंत्र जैन ने किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रधानाचार्य एवं समन्वयक डॉ. निखिल जैन ने अतिथियों और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।





