आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर जीरो पॉवर्टी योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गरीब और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की गई।अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 46 परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 14 परिवारों का सत्यापन जारी है। जन आरोग्य योजना से 1143 परिवारों को जोड़ा गया है। राशन कार्ड के लिए चिन्हित 2609 परिवारों में से 2595 को लाभ मिल चुका है। वहीं दिव्यांग और विधवा पेंशन के सभी पात्रों को लाभ दिया गया है, जबकि वृद्धावस्था पेंशन के शेष पात्रों की प्रक्रिया जारी है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जीरो पॉवर्टी अभियान का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को आवास, राशन, स्वास्थ्य, पेंशन, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर गरीबी रेखा से ऊपर उठाना है।बैठक में सभी विभागों को लाभार्थियों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा कर योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।





