आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पोइया घाट क्षेत्र में यमुना नदी पर निर्माणाधीन वृहद पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 55 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, 85 एमएलडी इंटेक वेल, पाइपलाइन नेटवर्क और एप्रोच रोड सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत यमुना नदी से कच्चा पानी लेकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में उसका शोधन किया जाएगा। इसके बाद करीब 231 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए यमुना पार क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों और आबादी वाले इलाकों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। परियोजना से करीब 55 हजार परिवारों को लाभ मिलने का लक्ष्य है।डीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक महत्वपूर्ण चरण पर गुणवत्ता परीक्षण कराने और थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन के जरिए स्वतंत्र गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने परियोजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 100 वर्षों की संभावित जनसंख्या, पेयजल मांग और क्षेत्र के विस्तार को ध्यान में रखकर अभी से जरूरी प्रावधान किए जाएं, ताकि भविष्य में परियोजना की क्षमता आसानी से बढ़ाई जा सके।बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए डीएम ने जल निकासी, बैकफ्लो से सुरक्षा और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के भी निर्देश दिए। साथ ही परियोजना स्थल की एप्रोच रोड को तत्काल दुरुस्त कराने और निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न करने को कहा।डीएम ने स्पष्ट किया कि यमुना पार क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से क्षेत्र के हजारों परिवारों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, एडीएम नमामि गंगे जुहैर बेग सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





