आगरा में समाजवादी पार्टी के नेता मधुकर अरोड़ा ने आज आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) के उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए आगरा इनर रिंग रोड को स्थानीय निवासियों के लिए टोल मुक्त करने की मांग उठाई।
उन्होंने बताया कि शहर में चल रहे आगरा मेट्रो निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मधुकर अरोड़ा ने कहा कि फतेहाबाद रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर कई स्थानों पर रास्ता संकरा होने के कारण लगातार जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में शहरवासी इनर रिंग रोड का सहारा लेने को मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्थानीय जनता इस सड़क का उपयोग मजबूरी में कर रही है, तो उनसे टोल वसूली करना उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।
इस दौरान उन्होंने मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए आगरा इनर रिंग रोड को आगरा वासियों के लिए टोल मुक्त किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू हो सके।
समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मांग पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस मौके पर व्यापारी वर्ग और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग भी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से— मनुज अग्रवाल, निखिल जैन, अर्चित अग्रवाल, प्रथम गुप्ता, शिवम्बे शर्मा, कारण दुआ, चिराग पुरी, राजू तलवार, संतोष पाल, सोमवीर यादव, पंकज कसाना, बलम्बेन्द्र सिंह जाटव, जितेंद्र सिंह, भरत सिंह, ओम पंडित, विषय यादव, रामेंद्र तोमर, नवीन चंचल आदि शामिल रहे
संवाददाता: राम माहौर




