आगरा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस कमिश्नर आगरा श्री दीपक कुमार (IPS) के निर्देशन में परीक्षा केंद्रों से लेकर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक पुलिस बल तैनात किया गया है।परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अलका और सहायक पुलिस आयुक्त, छत्ता सुश्री श्वेता वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया गया।अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दूसरे जिलों से परीक्षा देने आगरा पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक सहायता मिल सके और उनके आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।आगरा पुलिस ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, अभ्यर्थियों की सहायता करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।





