आगरा में 25 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मनीष बंसल और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने टाटा ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को सुरक्षा से लेकर यातायात, पार्किंग, मंच प्रबंधन और जनसुविधाओं तक हर व्यवस्था समय पर और त्रुटिरहित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने तैनाती स्थल पर पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहें और किसी भी स्थिति में मौके पर ही त्वरित निर्णय लें। हेलिपैड के आसपास सुरक्षा मानकों के अनुसार ऊंची इमारतों, टावरों और पेड़ों पर लाल झंडे लगाने के निर्देश भी दिए गए।मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी विभागों की प्रदर्शनी स्टॉल पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। अन्नप्राशन, गोद भराई, प्रदर्शनी अवलोकन और मंचीय कार्यक्रम तय समय पर आयोजित होंगे। मंच पर केवल मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुमोदित सूची में शामिल जनप्रतिनिधियों को ही स्थान मिलेगा।जिलाधिकारी ने मीडिया, पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग और साफ-सफाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बसों के निर्बाध संचालन और जनप्रतिनिधियों के सुचारु आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था करने को भी कहा गया।पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की अनिवार्य जांच और फ्रिस्किंग होगी। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को मंच या सुरक्षित क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।इसके साथ ही वीआईपी, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था, यातायात के वैकल्पिक मार्ग, जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।





