आगरा के ताजगंज में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत “बेटी-बहू सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन और ग्रीन फील्ड स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने भाग लेकर महिला सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम में मिशन शक्ति की केंद्र प्रभारी, थाना ताजगंज की महिला उपनिरीक्षक प्रियंका यादव, उपनिरीक्षक रामचंद्र अरुण और महिला उपनिरीक्षक करिश्मा सिंह ने महिलाओं को महिला सुरक्षा कानूनों, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी से जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्रीन फील्ड स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती रितु अग्रवाल और श्री संजय अग्रवाल रहे। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन की ओर से सभी पुलिस अधिकारियों और अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।सम्मेलन के दौरान महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जबकि बुजुर्ग माताओं को हाथ की छड़ी भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।इस अवसर पर संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा, अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल, बृजमोहन अरोड़ा, रामकुमार प्रजापति, नरेश सहगल, शिवनाथ जादौन, अंजुम स्माइल, इरशाद, कुलदीप, सिकंदर, राहुल सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।संस्थापक चेतन अरोड़ा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण और समाजहित के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ग्रीन फील्ड स्कूल परिवार, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।





