आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।राज्यपाल के आगरा पहुंचने पर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने खेरिया एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि एनसीटीई, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के चेयरपर्सन प्रो. पंकज अरोड़ा और विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे।इस वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा कुल 79,832 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 55,686 स्नातक, 9,150 स्नातकोत्तर, 14,826 प्रोफेशनल पाठ्यक्रम, 167 पीएचडी और 3 डी.लिट की उपाधियां शामिल हैं।शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 88 स्वर्ण, रजत और अन्य पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 46 छात्राएं और 18 छात्र शामिल रहे।समारोह के दौरान राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष, ज्ञान, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण साधन है।राज्यपाल ने विद्यार्थियों से माता-पिता के त्याग का सम्मान करने, सकारात्मक सोच अपनाने और अपनी शिक्षा का उपयोग समाजहित, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।उन्होंने बेटियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए आत्मनिर्भर बनने और जीवन में आत्मविश्वास व सम्मान को प्राथमिकता देने की बात कही।समारोह में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का भी शुभारंभ किया गया। जनपद में कुल 1,002 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्री-स्कूल किट का वितरण भी किया गया।गर्भाशय कैंसर के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चलाने और सराहनीय वैक्सीनेशन कार्य के लिए राज्यपाल द्वारा जिलाधिकारी मनीष बंसल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चार सर्वश्रेष्ठ प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पुस्तकों का विमोचन तथा विश्वविद्यालय में निर्मित नवीन भवनों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल के बच्चों ने पर्यावरण और वृक्ष संरक्षण का संदेश देते हुए लघुनाटिका और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।खेलो इंडिया के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया गया। स्वर्ण पदक विजेताओं को एक लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 50 हजार रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 20 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों से संस्कारयुक्त शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए आदर्श बनने का आह्वान किया। वहीं मुख्य अतिथि प्रो. पंकज अरोड़ा ने विकसित भारत के निर्माण के लिए तकनीकी ज्ञान, शिक्षा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही।समारोह के अंत में राज्यपाल ने सभी उपाधिधारक विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी अजय नारायण, विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक ओमप्रकाश सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।








