आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निपुण भारत मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने रिक्त पदों को जल्द भरने और विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र, बरौली अहीर और फतेहाबाद में कम नामांकन पर नाराज़गी जताते हुए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से जवाब तलब किया और दो दिन के भीतर सुधारात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में ड्रॉपआउट बच्चों का दोबारा नामांकन, सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण और आरटीई के तहत शेष बच्चों का जल्द प्रवेश सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।इसके अलावा मुख्यमंत्री अभ्युदय एवं मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, केजीबी निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





