आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को निर्वाचन प्रेक्षक अभिषेक प्रकाश (आईएएस) और आयुक्त एवं रिटर्निंग अधिकारी नगेंद्र प्रताप के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदेय स्थल संख्या-21, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया के कक्ष संख्या-01, मतदेय स्थल संख्या-20, तहसील परिसर खेरागढ़ के कक्ष संख्या-01 तथा मतदेय स्थल संख्या-26, क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद के कक्ष संख्या-01 का दौरा किया। तीनों मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।इस दौरान डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार और डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने मतदाताओं से संवाद करते हुए उन्हें निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शुचितापूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न होने पर जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने मतदान में भाग लेने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।






