आगरा 17 अगस्त 2026। उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के हित में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए उनके मार्जिन मनी को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। इस बढ़ोतरी का शुभारंभ सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन, लखनऊ से किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह सहित जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में किया गया। आगरा महानगर की आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण और आगरा छावनी विधानसभा का संयुक्त कार्यक्रम सूरसदन सभागार, संजय प्लेस में आयोजित हुआ। यहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने देखा और सुना।कार्यक्रम में आगरा उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। वहीं आगरा ग्रामीण विधानसभा का कार्यक्रम सदर तहसील सभागार, फतेहपुर सीकरी विधानसभा का कार्यक्रम किरावली स्थित जीपी पैलेस और खेरागढ़ विधानसभा का कार्यक्रम तहसील सभागार में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों में संबंधित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने भाग लिया। सरकार के इस फैसले से जिले के कोटेदारों को प्रति कुंतल 35 रुपये अतिरिक्त मार्जिन मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।





