आगरा में 14 अगस्त 2026 को सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन. मेडिकल कॉलेज), आगरा में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस श्रद्धा, संवेदना और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले, विस्थापित हुए तथा असहनीय पीड़ा झेलने वाले लाखों देशवासियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग एवं एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने एक मार्मिक नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से विभाजन के दौर में लोगों के विस्थापन, परिवारों के बिछड़ने और उस समय की पीड़ा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभागार में मौजूद चिकित्सकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को भावुक कर दिया।इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर दिए गए संदेश को उपस्थित चिकित्सकों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के समक्ष पढ़कर सुनाया।प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1947 की विभाजन त्रासदी हमें इतिहास से सीख लेने और समाज में भेदभाव एवं नफरत को समाप्त कर एकता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इतिहास से प्रेरणा लेकर देश के विकास और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम में उप-प्राचार्य डॉ. टी.पी. सिंह, सीएमएस डॉ. जी.वी. सिंह, डॉ. शिखा सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. अतिहर्ष, डॉ. गीतू सिंह सहित अन्य चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एसपीएम विभाग के डॉ. हिमालय सिंह ने किया।कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। सामूहिक गान के साथ पूरा सभागार देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर हो गया।





