आगरा, 13 अगस्त 2026। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गुरुवार को आगरा के विभिन्न निर्माणाधीन महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन लेडी लॉयल अस्पताल विस्तारीकरण फेज-1, मेडिकल कॉलेज ब्लॉक, यूजी/पीजी हॉस्टल तथा शिल्पग्राम स्थित निर्माणाधीन यूनिटी मॉल की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान लेडी लॉयल अस्पताल विस्तारीकरण फेज-1 और मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने तथा मौके पर श्रमिकों की कमी पाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित कार्यदायी संस्था और कॉन्ट्रैक्टर के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।मंत्री ने सबसे पहले एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में लेडी लॉयल अस्पताल विस्तारीकरण फेज-1 और मेडिकल कॉलेज ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने ले-आउट और साइट प्लान की जानकारी लेते हुए कार्य की शुरुआत और निर्धारित पूर्णता अवधि के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य मई 2025 में शुरू हुआ था और मई 2027 तक इसे पूरा किया जाना है। वर्तमान में करीब 41 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है।निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर से देरी का कारण पूछा। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। इसके अलावा एनजीटी से संबंधित पेड़ों को हटाने में आई बाधा और श्रमिकों की कमी के कारण भी निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई। मंत्री ने तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।इसके बाद प्रभारी मंत्री ने एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन यूजी/पीजी हॉस्टल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि हॉस्टल का करीब 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में श्रमिक लगाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य द्वारा कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। उन्हें रेडियोलॉजी, डायलिसिस, न्यूरोलॉजी, कैंसर विभाग, हेपेटाइटिस, ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रभारी मंत्री ने मरीजों और उनके तीमारदारों से भी अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।इसके बाद मंत्री शिल्पग्राम स्थित निर्माणाधीन यूनिटी मॉल पहुंचे और निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है और वर्तमान में करीब 42 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य की गति तेज की जाए। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने तथा निर्माण में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग कर कार्य को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि इन परियोजनाओं का लाभ आमजन को जल्द मिल सके।निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा निर्माणाधीन स्थल पर वृक्षारोपण भी किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता, पीडी डीआरडीए श्रीमती रेणु कुमारी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा, मनीष कुमार सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और अधिकारी मौजूद रहे।








