आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल की जनसुनवाई में एक किसान की तीन साल से लंबित भूमि पैमाइश का मामला सामने आया, जिस पर तत्काल कार्रवाई के बाद किसान को बड़ी राहत मिली।
तहसील बाह के बसई अरेला निवासी किसान रामप्रकाश पुत्र रोशनलाल की जमीन की पैमाइश पिछले करीब तीन वर्षों से लंबित थी। किसान का आरोप था कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल लगातार पैमाइश को टाल रहे थे।
बीती 6 जुलाई को तहसील बाह के संपूर्ण समाधान दिवस में किसान ने जिलाधिकारी से मामले की शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राजस्व निरीक्षक से जवाब तलब किया और पैमाइश में देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद किसान की जमीन की पैमाइश पूरी कर दी गई। समस्या का समाधान होने से खुश किसान आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी से मिलने पहुंचा और उनका आभार जताया।
खास बात यह रही कि किसान अपने साथ जंगली ककोड़े लेकर आया था। उसने जिलाधिकारी को ककोड़े भेंट कर अपनी खुशी और आभार व्यक्त किया। किसान के चेहरे पर खुशी देखकर जिलाधिकारी भी मुस्कुराए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनता दर्शन और तहसील समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि पैमाइश, चकरोड और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण जैसी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
। संवाददाता: कासिम मलिक





