आगरा वाटरवर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी के 78वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सपत्नीक दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और भारत निर्वाचन आयोग विश्व की सबसे बड़ी चुनाव प्रबंधन संस्था है। उन्होंने बताया कि करीब 95 करोड़ मतदाताओं वाले देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना एक बड़ा लोकतांत्रिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि आगरा के उद्योगपति, उद्यमी और सामाजिक संगठन शहर के आर्थिक एवं समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता से आगरा के विकास को भी नई गति मिल रही है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कहा कि भारत में चुनाव संविधान, जनप्रतिनिधित्व कानून और निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार कराए जाते हैं। मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले राजनीतिक दलों की सहभागिता से उसका परीक्षण किया जाता है। मतदान से पहले प्रत्येक केंद्र पर मॉक पोल कराया जाता है और मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की जाती है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किए जा सकें।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया को समझें, लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाएं और केवल प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी पर ही विश्वास करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक मतदाता है। प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान उसका अधिकार होने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में मनोज कुमार बंसल, नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, अनिल गर्ग, मनीष अग्रवाल और केशव दत्त गुप्ता सहित चैंबर के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।





