आगरा में अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगरा पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एत्मादपुर थाना पुलिस, साइबर सर्विलांस/काउंटर इंटेलिजेंस और एसओजी/सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलाह निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।पुलिस ने मामले में 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी आगरा-फिरोजाबाद सीमा के पास जंगल के एकांत इलाके में अवैध हथियारों का निर्माण और मरम्मत करते थे और तैयार असलाहों को आगरा समेत आसपास के जनपदों में बेचते थे।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध तमंचे .315 बोर, 2 तमंचे 12 बोर, एक देशी पिस्टल, 2 अवैध पौनेया .315 बोर और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अवैध असलाह बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़ी मात्रा में उपकरण, पुर्जे और सामग्री भी पुलिस ने बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मिलकर हथियारों का निर्माण और मरम्मत करते थे और उन्हें आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस पूरे मामले को लेकर सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर श्री देवेश सिंह ने बाइट के माध्यम से जानकारी दी।





