आगरा में “Genz Against Addiction – नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन आगरा में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं MY Bharat के तत्वावधान में गणेश राम नगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बलकेश्वर, आगरा में “Genz Against Addiction – नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के लिए पूरे देश से 25 जिलों का चयन किया गया, जिनमें आगरा जिले को भी शामिल किया गया। आगरा को यह विशेष अवसर प्राप्त हुआ कि यहां आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से जिले के लगभग 350 युवाओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़कर संवाद एवं संबोधन में सहभागिता की। इस अवसर ने आगरा के युवाओं को नशा मुक्ति एवं विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने के साथ-साथ देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर से जुड़े युवाओं को संबोधित किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा देश के प्रत्येक युवा को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में होना चाहिए। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए नशा मुक्त युवा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री जी का संबोधन सुनकर कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं में विशेष उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हुआ।इस अवसर पर माननीय विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल जी ने उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और युवाओं से नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का आह्वान किया।वहीं जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।कार्यक्रम में श्रीमती चारु पटेल जी, प्रधानाचार्या, गणेश राम नगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बलकेश्वर, आगरा की महत्वपूर्ण सहभागिता एवं सहयोग रहा। साथ ही राखी जी एवं जूली मैडम के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में MY Bharat Volunteers – अंकित, अर्शिया हाशमी, रोहित राठौर एवं दीक्षा कुमार का विशेष सहयोग एवं सक्रिय भूमिका रही। सभी के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी युवाओं ने “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” के संकल्प को मजबूत करने तथा देश को नशा मुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।






